Saturday, 29 August 2026

"ऑपरेशन शील्ड" मॉक ड्रिल की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, सायरन और संचार प्रणाली दुरुस्त रखने के निर्देश


"ऑपरेशन शील्ड" मॉक ड्रिल की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, सायरन और संचार प्रणाली दुरुस्त रखने के निर्देश

जयपुर। मुख्य सचिव सुधांश पंत ने शनिवार, 31 मई को प्रस्तावित राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल “ऑपरेशन शील्ड” की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा शुक्रवार को शासन सचिवालय, जयपुर में की। यह मॉक ड्रिल केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत नागरिक सुरक्षा की क्रियाशीलता और आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को जांचने के लिए आयोजित की जा रही है।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी सायरन सिस्टम, संचार माध्यम, और आपातकालीन संदेश प्रणाली को पूरी तरह से क्रियाशील एवं दुरुस्त रखा जाए, ताकि Action-Response Time को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पहली मॉक ड्रिल से मिली सीख को ध्यान में रखते हुए अधिकारी युद्ध जैसी स्थितियों से निपटने के लिए खुद को अधिक सक्षम बनाएं।

उन्होंने अधिकारियों से ब्लैकआउट का समय और स्थान गोपनीय रखने तथा रियल-टाइम परिदृश्य की सटीकता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही, सभी सिविल डिफेंस कंट्रोलर को उनकी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नागरिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक जगजीत सिंह मोंगा ने “ऑपरेशन शील्ड” के दौरान विभिन्न विभागों—वायुसेना, चिकित्सा, नगर निकाय, गृह रक्षा, ऊर्जा, पुलिस, एवं जिला प्रशासन—की भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आनंद कुमार, पुलिस महानिदेशक यूआर साहू, महानिदेशक इंटेलिजेंस संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था विशाल बंसल, प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल, सहित वायुसेना, सेना एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, राज्य के संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए।

Previous
Next

Related Posts