नई दिल्ली मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से शिष्टाचार भेंट कर राज्य से जुड़े विकासात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने 29 मई को दिल्ली आगमन के बाद सबसे पहले केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के खनिज संसाधनों के सतत विकास, क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं, खनन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने वाली बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता और रोजगार सृजन की दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
इसके बाद में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से भी शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में राजस्थान में मेट्रो विस्तार, ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स, और शहरी परिवहन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर गहन चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्मार्ट एवं टिकाऊ शहरी विकास के लिए केंद्र के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा की इन उच्च स्तरीय बैठकों को राजस्थान के बुनियादी ढांचे और निवेश अनुकूल वातावरण के विस्तार के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ समन्वय से राज्य की प्रगति को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।