Friday, 30 May 2025

जयपुर में चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई, RLD ने रखीं 15 सूत्रीय मांगें, संगठन विस्तार का किया ऐलान


जयपुर में चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई, RLD ने रखीं 15 सूत्रीय मांगें, संगठन विस्तार का किया ऐलान

जयपुर भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने जयपुर के पिंक सिटी प्रेस क्लब में सामाजिक न्याय दिवस के रूप में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने की, जबकि मंच पर राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी मलूक नागर और भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अवाना ने घोषणा की कि अगले दो महीनों में RLD का संगठनात्मक विस्तार किया जाएगा और पार्टी को प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी जून के दूसरे पखवाड़े में राजस्थान दौरे पर आएंगे और एक प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेकर आगामी रणनीति तय करेंगे।

पार्टी ने सरकार के समक्ष रखीं 15 सूत्रीय मांगें
कार्यक्रम में पार्टी की ओर से राज्य सरकार के समक्ष 15 सूत्रीय मांगों का एक प्रस्ताव भी रखा गया, जिनमें प्रमुख हैं:

  1. विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की आदमकद प्रतिमा।

  2. पंचायत स्तर तक सेवा केंद्रों की स्थापना।

  3. बीज वितरण एवं कौशल विकास केंद्र।

  4. किसान सम्मान पुरस्कार – 21 लाख नकद सहित।

  5. युवा किसान स्टार्टअप योजना – 25 लाख तक अनुदान।

  6. किसान भवन और सम्मेलन केंद्र की स्थापना।

  7. किसान मेले का वार्षिक आयोजन।

  8. राज्य कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना।

  9. विश्वविद्यालयों में शोध पीठ की स्थापना।

  10. विद्यालयों में विचार मंच की स्थापना।

  11. पाठ्यक्रम में चरण सिंह पर अध्याय।

  12. जिला पुस्तकालयों का नामकरण।

  13. कृषि विज्ञान केंद्रों का नामकरण।

  14. सरकारी योजनाओं का नामकरण।

  15. डाक टिकट व स्मृति सिक्का जारी कराने का प्रस्ताव।

राजनीतिक विस्तार और निकाय चुनाव की तैयारी: प्रदेश प्रभारी मलूक नागर ने कहा कि पार्टी जल्द ही निकाय और पंचायत चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारेगी और राज्य में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि RLD एनडीए के सहयोगी दल के रूप में भजनलाल सरकार से जनता से जुड़े मुद्दों पर संवाद कर समाधान निकालेगी।

भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के किसान एवं सामाजिक न्याय आधारित दृष्टिकोण को राजस्थान के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा और RLD उन सभी वर्गों की आवाज बनेगी, जिनकी समस्याओं को आज तक अनदेखा किया गया है।

कार्यक्रम में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब: कार्यक्रम में पूर्व विधायक सगीर खान, महेंद्र चौधरी, हरवीर सामरा, राजपाल चौधरी, वेदप्रकाश बेनीवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के विचारों और किसान हितैषी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि उनका सामाजिक न्याय मॉडल आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम का समापन चौधरी चरण सिंह के सिद्धांतों को अपनाकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

    Previous
    Next

    Related Posts