Friday, 30 May 2025

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी पर मंथन जारी: 150 नामों पर विचार, जेपी नड्डा ने अनुमति देने में जताई असमर्थता


भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी पर मंथन जारी: 150 नामों पर विचार, जेपी नड्डा ने अनुमति देने में जताई असमर्थता

राजस्थान भाजपा में नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर मंथन तेज हो गया है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, करीब 150 नेताओं के नामों और बायोडाटा पर विचार किया जा चुका है, जिनमें से 40 से 45 पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। यह कवायद नई राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद ही अंतिम रूप ले पाएगी। फिलहाल प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को पुरानी कार्यकारिणी के साथ ही काम करना पड़ रहा है, जिसे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के कार्यकाल में नियुक्त किया था।

गौरतलब है कि 25 जुलाई 2023 को मदन राठौड़ को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन अब तक वे अपनी नई टीम नहीं बना पाए हैं। फरवरी में निर्विरोध निर्वाचन के बावजूद संगठनात्मक कामकाज में उन्हें स्वतंत्रता नहीं मिल पाई। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि कार्यकारिणी की घोषणा तब ही होगी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा।

इस बीच प्रदेश में भाजपा के एक धड़े की कोशिश है कि 31 मई को जयपुर दौरे पर आने वाले वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष ही कार्यकारिणी को अंतिम रूप देकर घोषित किया जाए। वहीं दूसरा गुट चाहता है कि यह फैसला नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ही लिया जाए।

नवगठित कार्यकारिणी में 50 प्रतिशत  नए और युवा चेहरे, साथ ही 25 से 33 प्रतिशत महिला पदाधिकारी शामिल किए जाने की योजना है। इसके अलावा क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को भी ध्यान में रखा जाएगा। कार्यकारिणी में जिन पुराने पदाधिकारियों को स्थान नहीं मिलेगा, उन्हें बोर्ड, आयोग और अन्य संस्थानों में समायोजित किया जाएगा।

वर्तमान कार्यकारिणी में 33 पदाधिकारी हैं, जिसमें 10 उपाध्यक्ष, 5 महामंत्री, 13 मंत्री और 1 कोषाध्यक्ष शामिल हैं। नए पदाधिकारियों के चयन में मुख्यमंत्री, वरिष्ठ नेता, प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ने मिलकर अनौपचारिक सूची तैयार कर ली है।

Previous
Next

Related Posts