जयपुर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर कड़े आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार पूरी तरह से अफसरशाही और भ्रष्टाचार के शिकंजे में है। कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार को "राम भरोसे चलने वाली निष्क्रिय और निकम्मी सरकार" बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कभी दिल्ली तो कभी देव दर्शन यात्रा पर हैं, लेकिन जनता पानी-बिजली जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रही है। सरकार न तो फैसले ले पा रही है और न ही संवेदनशीलता दिखा रही है। हर निर्णय के लिए ऊपर से पर्ची का इंतजार किया जाता है।
SI भर्ती पर तंज: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने SI भर्ती 2021 मामले को लेकर सरकार की अनिर्णय स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल बाद भी सरकार तय नहीं कर पाई कि भर्ती रद्द करनी है या नहीं। “पहले 400-500 भर्ती को फर्जी बताया, अब कोर्ट में जाकर कहते हैं कि 50-55 ही गलत हैं। ये बेरोजगार युवाओं के साथ सीधा धोखा है।”
मजदूरों की मौत पर उठाए सवाल: जयपुर की ज्वैलरी फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक हादसे में चार मजदूरों की मौत पर दुख जताते हुए डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रोबोटिक सफाई मशीनें खरीदी थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें लापता कर दिया। “सरकार केवल पुराने कामों की समीक्षा कर रही है, लेकिन अब तक किसी भी समीक्षा का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।”
परिसीमन पर भाजपा को घेरा: पंचायत परिसीमन को लेकर हाईकोर्ट द्वारा स्टे लगाए जाने को डोटासरा ने सरकार की विफलता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से किया गया था ताकि भाजपा चुनाव जीत सके।
पीएम मोदी पर सीधा हमला:प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि “जब युद्ध की स्थिति थी, कांग्रेस ने सेना के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली। अब जब चुनाव है, भाजपा तिरंगे के नाम पर राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री सेना के शौर्य के पीछे छुपकर वोट बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।”