



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सरकार आमजन के समग्र कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समयसीमा में पूर्ण करें। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस समीक्षा बैठक में ऊर्जा, चिकित्सा, स्वायत्त शासन, पीडब्ल्यूडी, नगरीय विकास, जल संसाधन आदि विभागों के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए स्पष्ट समयसीमा तय की जाए और विभागीय समन्वय के साथ कामों को गति दी जाए ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो। उन्होंने आरयूएचएस को एम्स दिल्ली की तर्ज पर विकसित कर रिम्स (राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) की स्थापना की घोषणा की, जिसमें आयुष विंग, वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य केन्द्र, थैलीसीमिया यूनिट जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कमला नेहरू नगर से भांकरोटा पुलिया तक पक्के नालों के निर्माण और मालपुरा गेट पर वर्षाजल निकासी हेतु नालों की मरम्मत के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने महारानी फार्म को अग्रवाल फार्म से जोड़ने वाली पुलिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, तारबंदी एवं ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश देकर सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सड़कों के विकास को लेकर उन्होंने वंदे मातरम रोड, इस्कॉन रोड, सांगानेर फ्लाईओवर, सवाई माधोपुर रेलवे लाइन तक सेक्टर रोड आदि के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और एलीवेटेड रोड को मूर्त रूप देने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। सांगानेर स्टेडियम के सामने सड़क और प्रमुख मंदिरों के चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। जल संरक्षण के लिए द्रव्यवती नदी के भू-जल रिचार्ज को प्रभावी बनाने हेतु मलबा हटाने, मरम्मत व सफाई के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने ब्लॉक प्रिंटिंग जोन, मुहाना मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, बालिका छात्रावास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिला अस्पताल, सीवर लाइन मरम्मत, मेट्रो विस्तार, पुलिस थाने आदि परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कृषि क्षेत्र में टिश्यू कल्चर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए काम में तेजी लाने की आवश्यकता जताई। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि "विकास कार्यों को सर्वोच्च वरीयता देना और आमजन के जीवन को बेहतर बनाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।" बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।