जयपुर। पाकिस्तान की कायराना हरकतों और बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान में प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि सीमावर्ती जिलों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के लिए मंत्री और संगठन के पदाधिकारियों की टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने शहीद सुरेंद्र कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र की सुरक्षा और सेना के साथ हर मोर्चे पर खड़े हैं।
भाजपा ने प्रदेश कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है और राज्य सरकार द्वारा जारी आपातकालीन नंबर 1070 के साथ-साथ संगठन की ओर से 0141-2225040 नंबर भी जारी किया गया है। इन नंबरों के जरिए आमजन तक राहत, सुरक्षा और सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
मदन राठौड़ ने बताया कि सीमावर्ती जिलों में भाजपा पदाधिकारियों और मंत्रियों की विशेष जिम्मेदारी तय की गई है:
गंगानगर: सुमित गोदारा, राजेंद्र राठौड़
बीकानेर: गजेंद्र सिंह खींवसर, अरुण चतुर्वेदी
हनुमानगढ़: गजेंद्र सिंह खींवसर, वासुदेव चावला
जैसलमेर: गजेंद्र सिंह खींवसर, जितेंद्र गोठवाल, मुकेश दाधीच
बाड़मेर: जोराराम कुमावत, दामोदर अग्रवाल
जोधपुर: मदन दिलावर, महेंद्र सिंह राठौड़, ज्योति मिर्धा
बालोतरा: के. के. विश्नोई, ओमप्रकाश भडाना
जालोर: के. के. विश्नोई, नाहर सिंह जोधा, श्रवण सिंह बगड़ी
उन्होंने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न धार्मिक स्थलों पर देश की सुरक्षा और सैनिकों की विजय के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं, और ज़रूरत पड़ने पर रक्तदान शिविर व राहत कार्यों के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन तीन स्तंभों—सुरक्षा, सेवा और समाधान—पर कार्य करेगा।