Sunday, 04 May 2025

भारत ने पाकिस्तान से आयात पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध, पाक जहाजों के प्रवेश पर भी रोक


भारत ने पाकिस्तान से आयात पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध, पाक जहाजों के प्रवेश पर भी रोक

नई दिल्ली। भारत सरकार ने शनिवार को पाकिस्तान के साथ व्यापारिक संबंधों पर एक बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और भारतीय जहाजों को भी पाकिस्तानी बंदरगाहों पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बंदरगाह एवं शिपिंग मंत्रालय ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

सरकार के इस फैसले के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े चिंताजनक हालात बताए जा रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हैदराबाद हाउस में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लॉरेंको से मुलाकात के दौरान आतंकवाद को मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। पहलगाम की बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 75 लोगों को पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत गिरफ्तार किया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र मध्य प्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। फैक्ट्री प्रबंधन ने आदेश जारी करते हुए कहा कि यह संकट की घड़ी है, और काम नहीं रुकना चाहिए।

पाकिस्तान ने शनिवार को अब्दाली बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल 450 किलोमीटर रेंज तक मार करने में सक्षम है। हालांकि पाकिस्तान ने परीक्षण स्थल की जानकारी नहीं दी है।

भारत के इस कड़े निर्णय के बाद द्विपक्षीय व्यापार, सामरिक संतुलन और सीमा पर सुरक्षा के लिहाज से यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts