



जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह सर्जिकल यूनिट-3 के एच वार्ड में एक गंभीर लापरवाही सामने आई। सुबह करीब 10:30 बजे छत का प्लास्टर गिरने से दो मरीज घायल हो गए। इनमें से एक मरीज के चेहरे, होठ, सिर और आंख के पास गहरी चोटें आई हैं और वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वार्ड में भर्ती मरीजों को तत्काल अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
SMS अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी ने जानकारी देते हुए कहा कि छत गिरने की इस घटना में दो मरीज घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की संरचनात्मक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के आदेश दिए गए हैं और मरम्मत कार्य शुरू करवाया गया है।