जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर विभिन्न विशिष्टजनों ने शिष्टाचार भेंट की और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने भी भेंट कर राज्य में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और नीतियों पर विस्तृत चर्चा की। इसी क्रम में हरियाणा सरकार में मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन और सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। मुख्यमंत्री शर्मा से राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने भी भेंट कर किसान कल्याण, कृषि क्षेत्र में नवाचार तथा किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री से सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक हमीर सिंह भायल, बाबू सिंह राठौड़, छोटू सिंह भाटी, जयदीप बिहाणी, शंकर लाल डेचा एवं जीवाराम चौधरी ने भी मुलाकात की और अपने क्षेत्रों के विकास व जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए राज्य के समग्र विकास हेतु सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।