Saturday, 29 August 2026

भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने के लिए पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं हों सुचारु : सुधांश पंत


भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने के लिए पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं हों सुचारु : सुधांश पंत

जयपुर। राजस्थान में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्य सचिव सुधांश पंत ने राज्य के सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को लू, तापघात और भीषण गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए पेयजल, बिजली, चिकित्सा और पशुपालन सेवाओं को पूरी क्षमता से चालू रखें। उन्होंने यह निर्देश गुरुवार को शासन सचिवालय में आयोजित ग्रीष्म ऋतु व्यवस्था समीक्षा बैठक में दिए।

मुख्य सचिव पंत ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को राहत देना है। उन्होंने जलदाय विभाग, चिकित्सा विभाग, विद्युत निगम और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समर कंटिन्जेंसी प्लान को शीघ्र लागू करें और आपात स्थितियों में तत्पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव पंत ने सभी कार्मिकों की कार्यस्थलों पर उपस्थिति, कंट्रोल रूम्स की चौबीस घंटे सक्रियता और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला अधिकारियों को 30 अप्रैल तक जिलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए सावंत ने बताया कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए राज्य के 41 जिलों में 1,245 पेयजल कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 672 कार्य शुरू हो चुके हैं और 157 पूर्ण हो चुके हैं। जल गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार ने बताया कि सभी जिलों में लू नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूलों के समय में परिवर्तन, मनरेगा में छाया-पानी की व्यवस्था और कार्य के समय में बदलाव के निर्देश दिए गए हैं।

चिकित्सा विभाग ने लू और तापघात से निपटने के लिए आईसीयू बेड आरक्षित, आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति और अस्पतालों में स्वच्छ पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के इंतजाम किए हैं।

डिस्कॉम्स अध्यक्ष सुश्री आरती डोगरा ने बताया कि गर्मियों में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए आवश्यकतानुसार बिजली की खरीद की जा रही है, और पीएचईडी के लम्बित कनेक्शन प्राथमिकता पर दिए जा रहे हैं।

पशुपालन विभाग के सचिव समित शर्मा ने गौशालाओं में चारे और पानी की पर्याप्त उपलब्धता, पशु चिकित्सालयों में दवाओं की व्यवस्था और फील्ड स्टाफ की निगरानी की जानकारी दी। आरसीडीएफ की प्रबंध निदेशक श्रीमती श्रुति भरद्वाज ने बताया कि गर्मी में दूध संग्रहण बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन और पशुओं को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए मूलभूत सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।

    Previous
    Next

    Related Posts