



जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पिछले 24 घंटे में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच यह तीसरा एनकाउंटर है। ताजा मुठभेड़ उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ इलाके में चल रही है। सेना और पुलिस ने साझा ऑपरेशन में आतंकियों को घेरा, जिसमें 6 PARA SF के हवलदार झंटू अली शेख शहीद हो गए। व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया था।
फिलहाल आतंकवादियों की पहचान नहीं हो सकी है और ऑपरेशन अभी जारी है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त बलों को तैनात कर दिया गया है।
उधर, बांदीपोरा पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के चार ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इन OGWs के पुलिसकर्मियों और बाहरी नागरिकों पर हमले की योजना की जानकारी मिली थी।
जांच में मोहम्मद रफीक खांडे और मुख्तार अहमद डार को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 2 चीनी हैंड ग्रेनेड, 7.62 एमएम मैगजीन, और 30 राउंड कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा, CRPF और सेना के संयुक्त ऑपरेशन में रईस अहमद डार और मोहम्मद शफी डार को पकड़ा गया जिनके पास से भी हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पहलगाम हमले के बाद आतंकी संगठन बड़े हमलों की योजना बना रहे हैं।