



जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। इन आतंकियों की पहचान आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा के रूप में हुई है। एजेंसियों के मुताबिक इस हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के फ्रंट संगठन TRF ने ली है।
मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे बैसरन घाटी में हुए इस हमले में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और यूएई के एक-एक नागरिक तथा दो स्थानीय नागरिकों की भी जान गई है।
सूत्रों के अनुसार, आतंकियों ने हमले से पहले पर्यटकों के नाम पूछे और कलमा पढ़वाया, फिर सिर में गोली मार दी। यह 2019 के पुलवामा हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला है।
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और बैसरन घाटी में सुरक्षा हालात का जायजा लिया। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सऊदी अरब दौरा अधूरा छोड़ भारत लौटते ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इस हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
इधर, पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने हमले में पाक की संलिप्तता से इनकार किया है। हालांकि, भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी नेटवर्क को ही जिम्मेदार मान रही हैं।