



गुजरात के कच्छ जिले में मंगलवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई। यह भूकंप रात 11:26 बजे दर्ज किया गया और इसका एपिसेंटर जमीन से 20 किलोमीटर नीचे था।
भूकंप के झटके 23.52°N अक्षांश और 69.95°E देशांतर के आसपास दर्ज किए गए। भले ही झटके हल्के थे, लेकिन रात का समय होने की वजह से लोगों में अचानक हलचल और भय की स्थिति बन गई।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। कच्छ क्षेत्र को भूकंपीय रूप से संवेदनशील जोन में रखा गया है। वर्ष 2001 में आए विनाशकारी भूकंप के बाद से इस क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियों पर खास नजर रखी जाती है।
NCS ने भूकंप की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की और नागरिकों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की।