Saturday, 29 August 2026

सीबीआई फाटक पर बड़ा हादसा: पिता, बेटी और भाई की ट्रेन से कटकर मौत, सीमा विवाद में उलझी पुलिस


सीबीआई फाटक पर बड़ा हादसा: पिता, बेटी और भाई की ट्रेन से कटकर मौत, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

जयपुर के खोनागोरियान थाना क्षेत्र स्थित सीबीआई फाटक पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतकों में पिता सुमित, उनकी बेटी निशा, और छोटा भाई गणेश शामिल हैं। तीनों मूलतः फागी तहसील के सेंदला गांव के निवासी थे और वर्तमान में जयपुरिया अस्पताल के पास किराए से रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे।

रात को सुमित किसी पारिवारिक बात से नाराज होकर सीबीआई फाटक पर पहुंचा था। उसकी नाराजगी की सूचना मिलते ही उसका छोटा भाई गणेश और बेटी निशा उसे समझाने के लिए वहां पहुंच गए। जब तीनों रेलवे ट्रैक पर बैठे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई।

घटना के बाद रामनगरिया और खोनागोरियान थानों के बीच सीमा विवाद भी सामने आया। एक-दूसरे की सीमा में घटना होने की बहस के बाद आखिरकार खोनागोरियान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जेएनयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुमित काफी देर से रेलवे ट्रैक पर बैठा हुआ था, लेकिन समय रहते कोई आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

Previous
Next

Related Posts