



जयपुर। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थियों की पहचान छिपाने के लिए फोटो मिक्सिंग करने वाले एक फोटोग्राफर महेन्द्र कुमार को सोमवार दोपहर गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुए फर्जीवाड़े को लेकर चल रही कार्रवाई की कड़ी में हुई है।
एडीजी एसओजी वीके सिंह ने बताया कि आरोपी महेंद्र कुमार भीनमाल (जालोर) का निवासी है और वहां उसका अजन्ता फोटो स्टूडियो नाम से प्रतिष्ठान है। आरोपी शादी-समारोह की फोटोग्राफी के साथ-साथ फोटो एडिटिंग और मिक्सिंग का कार्य करता है।
एसआई परीक्षा 2021 में शामिल आरएएस हनुमाना राम और टीचर रामनिवास विश्नोई की असली फोटो को मिलाकर महेन्द्र ने नकली फोटो तैयार की।इसी प्रकार नरपतलाल और हनुमानाराम की फोटो को मिलाकर दूसरी नकली तस्वीर बनाई।इन मिक्स की गई फोटोज को डमी कैंडिडेट्स के एडमिट कार्ड पर चिपकाकर परीक्षा दिलवाई गई।14 और 15 सितंबर 2021 को ये डमी उम्मीदवार दूसरोंकी जगह परीक्षा में बैठे और उन्हें लिखित परीक्षा में पास भी करवा दिया गया।
फोटोशॉप के जरिए बदल दी पहचान
महेंद्र ने एडिट की गई तस्वीरें इतनी सफाई से तैयार कीं कि असली और नकली के बीच अंतर कर पाना मुश्किल था। SOG अब उससे यह पूछताछ कर रही है कि उसने कुल कितने अभ्यर्थियों की फोटो मिक्सिंग की है।
एसआई परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में SOG अब तक 100 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह मामला राजस्थान में सरकारी नौकरियों में बढ़ते फर्जीवाड़े और सुनियोजित धोखाधड़ी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।
एसओजी की टीम इस मामले में अन्य सहयोगियों और अभ्यर्थियों की संलिप्तता की जांच भी कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह राज्यव्यापी रैकेट हो सकता है, जिसमें फोटोग्राफर, दलाल, कोचिंग संस्थान और सरकारी कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं।