Saturday, 29 August 2026

पैंसिल बनाकर पैसा कमाने का झांसा देने वाला शातिर ठग तुलसी गुर्जर गिरफ्तार, 2019 से था फरार


पैंसिल बनाकर पैसा कमाने का झांसा देने वाला शातिर ठग तुलसी गुर्जर गिरफ्तार, 2019 से था फरार

जयपुर। मालवीय नगर थाना पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2019 से फरार चल रहे शातिर ठग तुलसी गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पैंसिल बनाने के नाम पर निवेश कराने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की थी।

डीसीपी ईस्ट तेजस्विनी गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि "लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।" इसी क्रम में सीआई संग्राम सिंह के नेतृत्व में मालवीय नगर थाने की टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी के तीन मामलों में वांछित तुलसी गुर्जर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी तुलसी गुर्जर पुत्र बृजमोहन गुर्जर, निवासी कल्याजी का मंदिर, माली मोहल्ला, गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर), ने जयपुर में कई लोगों को "पैंसिल बनाकर मोटा पैसा कमाने" का सपना दिखाया। वह लोगों को पैंसिल बनाने का कच्चा माल उपलब्ध कराता और फिर बना हुआ माल वापस खरीदने का वादा करता। इस प्रक्रिया में उसने लाखों रुपए ऐंठ लिए, लेकिन बाद में ऑफिस बंद कर फरार हो गया। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ पहली FIR दर्ज हुई थी, और तब से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं, लेकिन उसे पकड़ना चुनौती बना हुआ था।

हाल ही में पुलिस को तुलसी गुर्जर की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में रविन्द्र गुर्जर नामक एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ और भी ठगी के मामलों की जांच जारी है और संभावना है कि और पीड़ित सामने आएं।

Previous
Next

Related Posts