



जयपुर में 12 अप्रैल रविवार को ‘मिस राजस्थान 2025’ के लिए ऑडिशन आयोजित किए गए, जिसमें राज्यभर से 1100 से अधिक युवतियों ने भाग लिया। इस भव्य आयोजन में युवतियों ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व के दम पर ब्यूटी क्वीन बनने का सपना साकार करने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया।
ऑडिशन दो चरणों में आयोजित किया गया—इंट्रोडक्शन राउंड और कैटवॉक राउंड। इंट्रोडक्शन राउंड में युवतियों ने अपने व्यक्तित्व, जीवन मूल्यों और लक्ष्यों को शब्दों में प्रस्तुत किया। वहीं कैटवॉक राउंड में प्रतिभागियों की ग्रेस, स्टाइल और प्रस्तुति कौशल ने जूरी सदस्यों को खासा प्रभावित किया।
अजमेर से आई एक युवती ने कहा, "मैं स्कूल टाइम से ही ब्यूटी पेजेंट्स का सपना देखती थी। आज इस मंच पर खड़े होकर गर्व महसूस कर रही हूं।" वहीं भीलवाड़ा की प्रतिभागियों ने कहा, "आज के दौर में कॉम्पीटिशन बहुत बढ़ गया है, लेकिन अगर परिवार का साथ हो तो कुछ भी असंभव नहीं। हौसला ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"
यह प्रतियोगिता न केवल फैशन और ग्लैमर का मंच है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और मंच पर खुलकर बोलने का अवसर भी देती है। जूरी ने कहा कि इस साल प्रतिभागियों में गहरी समझ, आत्मविश्वास और प्रेज़ेंस पहले से कहीं अधिक देखने को मिला।
अब अगले चरण में चयनित प्रतिभागियों को ग्रूमिंग सेशन और सेमिफाइनल राउंड के लिए आमंत्रित किया जाएगा।