Saturday, 29 August 2026

राजस्थान में जेल प्रहरी और विद्युत जेईएन भर्ती परीक्षा आज, 8.20 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल


राजस्थान में जेल प्रहरी और विद्युत जेईएन भर्ती परीक्षा आज, 8.20 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से जेल प्रहरी सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार को प्रदेशभर में दो पारियों में आयोजित की जा रही है। कुल 803 पदों के लिए हो रही इस भर्ती परीक्षा में 8,20,942 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इसके लिए प्रदेशभर में 1,278 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जयपुर में सर्वाधिक 176, जोधपुर में 114, करौली में केवल 7, और दौसा में 13 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा की प्रथम पारी सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है, और परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए जयपुर में कलेक्ट्रेट कार्यालय के कमरा नंबर 116 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक कार्यरत रहेगा।
एडीएम (पूर्व) गोपाल सिंह शेखावत ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए 92 उप समन्वयक और 31 उड़नदस्ते तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस, चिकित्सा, नगर निगम, यातायात, रोडवेज, विद्युत विभाग सहित कई एजेंसियों को परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके साथ ही शनिवार को ही प्रदेश के पांच विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) पदों के लिए भी द्वितीय पारी में परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा सात जिलों के 28 केंद्रों पर हो रही है।

जेईएन परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, सीसीटीवी निगरानी, लाइव फोटो वेरिफिकेशन, आइरिस स्कैनिंग और हस्ताक्षर-अंगूठा मिलान जैसी तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

    Previous
    Next

    Related Posts