



जयपुर।समता, शिक्षा और सामाजिक सुधार के प्रतीक महात्मा ज्योतिबा फुले की 198वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को राजधानी जयपुर के बाइस गोदाम सर्किल, सहकार मार्ग स्थित स्मारक स्थल पर एक भावपूर्ण पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, और विधायक गोपाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने महात्मा फुले की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्री अविनाश गहलोत ने अशोक गहलोत का पुष्पगुच्छ भेंट कर और साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और समता पर आधारित समाज की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा भी पहुंचे और उन्होंने भी महात्मा फुले की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कांग्रेस और बीजेपी दोनों दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी सौहार्द के साथ जयंती की शुभकामनाएं दीं, जो एक सामाजिक एकता और आदरभाव का प्रतीक बना।
इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा—"महात्मा फुले का जीवन वंचितों और शोषितों के सशक्तीकरण को समर्पित था। उनका जीवन समतामूलक समाज की स्थापना के लिए सभी को प्रेरित करता रहेगा।"
महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार आज भी सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता की राह पर चलने के लिए मार्गदर्शन देते हैं। कार्यक्रम स्थल पर पूरे दिन श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।