



अजमेर। सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरू राजस्थान की ओर से मंगलवार को वैशाली नगर स्थित तपस्वी भवन में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नव नियुक्त लोक अभियोजक एडवोकेट जयप्रकाश शर्मा एवं सहायक लोक अभियोजक एडवोकेट शशि प्रकाश इंदौरिया का भगवा शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम गरिमामय बन गया।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने कहा कि कर्मठ और निष्ठावान विधिक अधिकारियों का सम्मान समाज में न्याय, सेवा और सद्भाव की भावना को और अधिक मजबूत करता है। कार्यक्रम की शुरुआत में विजय कुमार शर्मा ने संघ के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए समाजसेवा और धर्म रक्षा के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
लोक अभियोजक एडवोकेट जयप्रकाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन धर्म की आत्मा सेवा, सत्य और संयम है। उन्होंने समाज में न्याय और नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए सभी लोक अभियोजकों से निष्पक्ष और समयबद्ध कार्य करने की प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
वहीं सहायक लोक अभियोजक एडवोकेट शशि प्रकाश इंदौरिया ने कहा कि सनातन संस्कृति केवल परंपराओं का संग्रह नहीं, बल्कि वैज्ञानिक, सामाजिक और आध्यात्मिक जीवनशैली है। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि अधिवक्ताओं को ईमानदारी और निष्ठा के साथ न्याय की पैरवी करनी चाहिए।
समारोह में उपस्थित गणमान्यजन: प्रो. भवानी शंकर शर्मा (पूर्व प्राचार्य), डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. राम निवास शर्मा, इंजीनियर अशोक शर्मा, एडवोकेट भगवान सिंह चौहान, एडवोकेट के.के. शर्मा, एडवोकेट राजेंद्र ईनाणी, इंद्र सिंह पंवार, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. लाल थदानी, कुमकुम सिंह, मुकेश पंवार, नेमी चंद, आरिफ खान, अर्पित सांखला, ब्रजेश गौड़, महावीर कुमावत और राम सिंह उदावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नव नियुक्त लोक अभियोजकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।