आबूरोड ब्रह्मकुमारीज संस्थान (आबूरोड) की मुख्य प्रशासक दादी रतन मोहिनी का सोमवार रात 1:20 बजे अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 101 वर्ष की थीं। दादी रतन मोहिनी अध्यात्म और मानव सेवा के क्षेत्र में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाली ब्रह्मकुमारीज संस्था की वरिष्ठतम नेताओं में से एक थीं।
संस्थान की पीआरओ बीके कोमल ने जानकारी देते हुए बताया कि दादी रतन मोहिनी का पार्थिव शरीर मंगलवार को अहमदाबाद से आबूरोड स्थित ब्रह्मकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय लाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार की तिथि की घोषणा संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी जल्द करेंगे।
दादी रतन मोहिनी ने जीवन भर राजयोग, शांति और सेवा के संदेश को देश-विदेश में फैलाने का कार्य किया। वे कई दशकों तक संस्थान की गतिविधियों का नेतृत्व करती रहीं और लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहीं।
उनके निधन से संस्था सहित पूरे आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर है।