



जयपुर। विकल्प नाट्य संगठन की ओर से होली, ईद और राम नवमी के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें रंगकर्मियों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने एक साथ मिलकर पर्व की खुशियों को साझा किया और एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं। इस अवसर पर मंच पर गीत, कविता और नाटकीय अभिव्यक्तियों का जीवंत प्रदर्शन भी देखने को मिला।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में प्रतिष्ठित शिक्षाविद, समाजसेवी एवं रंगकर्मी प्रो. मोहनलाल गोयल का शॉल एवं साफा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। प्रो. गोयल को हाल ही में लाजपतराय डीएवी कॉलेज, जगरांव (लुधियाना, पंजाब) में शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान हेतु लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया है।
प्रो. गोयल ने राजस्थान स्टेट सर्किल डायरेक्टर के रूप में डीएवी संस्थानों के शैक्षणिक व सांस्कृतिक विकास में अनुकरणीय कार्य किए हैं। साथ ही, उनके निर्देशन में सामाजिक चेतना को केंद्र में रखकर कई प्रभावशाली नाटकों का मंचन किया गया, जो सराहना के पात्र रहे हैं।
कार्यक्रम में विकल्प के संरक्षक मुकुन्ददेव अग्रवाल, वरिष्ठ साहित्यकार फारूक आफरीदी, साहित्यकार प्रेमचंद गांधी, महासचिव भगवान कृपलानी, हरिनारायण शर्मा और श्रीमती सरस्वती ने प्रो. गोयल की सेवाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रो. गोयल ने विकल्प के आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि निकट भविष्य में नए नाटकों की प्रस्तुतियाँ और साहित्यिक सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठन की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
समारोह में नीरज गोस्वामी, सुशीला शील, डॉ. भार्गवी, प्रबोध गोस्वामी और अभय बनर्जी ने काव्य पाठ और गीतों से माहौल को सरस बना दिया।