Wednesday, 04 June 2025

आनंदपुरी में नकली नोट कांड का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह से 3.76 लाख के जाली नोट बरामद, 11 गिरफ्तार


आनंदपुरी में नकली नोट कांड का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह से 3.76 लाख के जाली नोट बरामद, 11 गिरफ्तार

बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी क्षेत्र में नकली नोट छापने और बाजार में खपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 3,76,300 रुपए के नकली नोट, लेपटॉप, प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है। साथ ही अनुमान है कि करीब 4 लाख रुपए के नकली नोट अब भी बाजार में प्रचलन में हैं।

गिरोह का पर्दाफाश ऐसे हुआ: आनंदपुरी थाना पुलिस की सतर्कता से यह मामला सामने आया। थानाधिकारी कपिल पाटीदार के अनुसार, आरोपियों ने नकली नोट छापने की तकनीक यूट्यूब से सीखी और फिर एक संगठित तरीके से शादी समारोहों, लोकल दुकानों, नोतरे जैसे आयोजनों में नकली नोट चलाने लगे।

तीन अलग-अलग मूल्य वर्ग के नकली नोट छापे: गिरोह की चालाकी इतनी थी कि इन्होंने ₹100, ₹200 और ₹ 500 के नकली नोट बड़ी सफाई से छापे। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि गिरोह ने किस हद तक तकनीकी जानकारी हासिल कर ली थी।

ग्रामीण क्षेत्र बना आसान निशाना: ग्रामीण इलाकों में कम साक्षरता और नकली व असली नोट में फर्क करने की जानकारी का अभाव गिरोह के लिए वरदान साबित हुआ। आरोपी आसानी से यहां नकली नोट खपा देते थे।

अब तक की जांच के अहम बिंदु

अब तक करीब 8 लाख रुपए तक के नकली नोट छापे जाने की पुष्टि।
पुलिस ने 3.76 लाख रुपए के नकली नोट जब्त किए।
11 आरोपी गिरफ्तार, लेकिन मुख्य आरोपी अभी फरार।
नकली नोट राज्य की सीमाओं से बाहर भी चलन में लाए गए।
ग्रामीण बाजार और सामाजिक आयोजनों को टारगेट किया गया।
पुलिस की अगली रणनीति: पुलिस को आशंका है कि अभी भी नकली नोट बाजार में चलन में हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित छिपे हुए नकली नोटों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नकली नोट की पहचान को लेकर सतर्क रहें और कोई संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Previous
Next

Related Posts