



हेरिटेज नगर निगम जयपुर की कार्यवाहक महापौर कुसुम यादव का कार्यकाल अब अगले दो महीनों तक जारी रहेगा। इस संबंध में स्वायत्त शासन विभाग ने 27 मार्च को आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबरसिंह खर्रा के निर्देश पर लिया गया है।
कुसुम यादव पिछले कुछ समय से कार्यवाहक महापौर के रूप में निगम का कार्यभार संभाल रही थीं। दो महीने की अवधि पूरी होने के बाद अब उनके कार्यकाल को और 2 माह की अवधि तक बढ़ा दिया गया है, ताकि निगम के प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहे।
स्वायत्त शासन निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय प्रशासनिक आवश्यकता और नगर निगम की सुचारू कार्यप्रणाली को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, निगम के आगामी चुनावों या स्थायी महापौर की नियुक्ति तक कार्यवाहक महापौर के रूप में कुसुम यादव का कार्यकाल आगे भी बढ़ाया जा सकता है, यदि परिस्थितियां यथावत बनी रहती हैं।
इस निर्णय के बाद हेरिटेज नगर निगम में विकास कार्यों और जनसेवा से जुड़े कार्यों की रफ्तार बनाए रखने की उम्मीद की जा रही है।
