Saturday, 29 August 2026

BSDU में हुआ भव्य दीक्षांत समारोह: कौशल विकास से ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा: डॉ. प्रेमचंद बैरवा


BSDU में हुआ भव्य दीक्षांत समारोह: कौशल विकास से ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा: डॉ. प्रेमचंद बैरवा

जयपुर स्थित भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी (BSDU) में शनिवार को आयोजित दूसरे दीक्षांत समारोह के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि कौशल विकास से ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा और भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का सपना पूरा हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "नए भारत" के विज़न में स्किल एजुकेशन और व्यावसायिक शिक्षा की अहम भूमिका है, और राजस्थान सरकार भी इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किए हुए है।

डॉ. बैरवा ने कहा कि हाल ही में आयोजित राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं, जिनमें से अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रदेश में रोजगार के नए अवसरों का सृजन करेगा।

बीएसडीयू की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं

बीएसडीयू के प्रेसिडेंट प्रो. विवेक भंडारी ने यूनिवर्सिटी की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि BSDU को NIRF में तीसरी रैंकिंग मिली है, जो इसकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योग साझेदारी, और व्यावहारिक प्रशिक्षण की पुष्टि करता है।"

उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय राजस्थान में इकलौता स्किल-बेस्ड विश्वविद्यालय है, जहां ऑटोमोटिव, अक्षय ऊर्जा, कंप्यूटिंग, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, पैरा-मेडिकल, वुडवर्किंग, मैन्युफैक्चरिंग आदि क्षेत्रों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही जल्द ही फैसिलिटी मैनेजमेंट स्किल्स में नया कोर्स शुरू किया जाएगा।

डिग्रियां और सम्मान

दीक्षांत समारोह में 278 बी.वॉक, 7 एम.वॉक, और 16 पीएच.डी. डिग्रियां प्रदान की गईं। साथ ही राजेंद्र एंड उर्सुला जोशी गोल्ड मैडल और RUJCT गोल्ड मैडल भी विद्यार्थियों को दिए गए। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षाविद, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट, एकेडमिक काउंसिल के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में रजिस्ट्रार डॉ. शेख जुनैद ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Previous
Next

Related Posts