कुरुक्षेत्र (हरियाणा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित एक महायज्ञ के दौरान शनिवार सुबह उस समय हंगामा और बवाल मच गया, जब आयोजकों के हायर किए गए सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की गई। इस फायरिंग में लखनऊ निवासी ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लग गई। घटना के बाद यज्ञ में शामिल सैकड़ों ब्राह्मण आक्रोशित हो गए और उन्होंने यज्ञशाला के बाहर तोड़फोड़ और पथराव शुरू कर दिया।
घटना सुबह 9:30 बजे की है, जब आशीष तिवारी अपने साथियों आकाश दीक्षित (वृंदावन) और शोरण शर्मा के साथ यज्ञशाला में नाश्ते में बासी खिचड़ी की शिकायत लेकर यज्ञ संचालक स्वामी हरिओम से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें दो बाउंसरों ने रोका और धमकी दी कि "जो खाना हम खा रहे हैं, वही सबको खाना पड़ेगा।" विरोध करने पर आशीष पर गोली चला दी गई, जो बाईं जांघ में लगी।
वहीं मारपीट में लखीमपुर निवासी प्रिंस शुक्ला भी घायल हो गए। इसके बाद ब्राह्मणों ने यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया, सड़क पर लगे बैनर-होर्डिंग फाड़ दिए और कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी वाहनों को जबरन रोकते हुए आवागमन पूरी तरह बाधित करते रहे।
पुलिस ने पीड़ित आशीष तिवारी की शिकायत पर आरोपी बाउंसरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115 और 3(5) के तहत FIR दर्ज कर ली है।