Saturday, 29 August 2026

मणिपुर पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के छह जज, जातीय हिंसा पीड़ितों से की मुलाकात, राहत शिविरों का किया दौरा


मणिपुर पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के छह जज, जातीय हिंसा पीड़ितों से की मुलाकात, राहत शिविरों का किया दौरा

इंफाल मणिपुर में जारी जातीय हिंसा के बीच शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के दौरे पर पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने चुराचांदपुर जिले में जातीय हिंसा के चलते विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात की और राहत शिविरों का दौरा किया। यहां उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनी और राहत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल बिष्णुपुर जिले के मोइरांग कॉलेज भी पहुंचा और स्थानीय प्रशासन व नागरिकों से बातचीत की।

चुराचांदपुर में आयोजित एक विशेष समारोह में 295 विधिक सेवा शिविर, स्वास्थ्य शिविर और विधिक सहायता क्लिनिक का उद्घाटन जस्टिस बीआर गवई ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारे संविधान का उद्देश्य सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सभी नागरिकों तक पहुंचाना है। न्यायपालिका का यह कर्तव्य है कि वह अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में सहायक बने।"

वहीं जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह, जो स्वयं मणिपुर से हैं, ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि एक दिन मणिपुर फिर से शांति और समृद्धि की ओर लौटेगा। हमें अपने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थानों पर भरोसा रखना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे को मणिपुर में सांत्वना और भरोसे का संदेश माना जा रहा है। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब राज्य लंबे समय से जातीय तनाव और हिंसा से जूझ रहा है, जिससे हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं और राहत शिविरों में जीवन बिता रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts