Friday, 21 March 2025

भाजपा का होली स्नेह मिलन कार्यक्रम 22 मार्च को, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे मुख्य अतिथि,अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तैयारी का लिया जायजा


भाजपा का होली स्नेह मिलन कार्यक्रम 22 मार्च को, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे मुख्य अतिथि,अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तैयारी का लिया जायजा

जयपुर। भाजपा की ओर से होली स्नेह मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन 22 मार्च (शनिवार) को किया जाएगा। इस आयोजन की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ करेंगे, जबकि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक टोंक रोड स्थित एंटरटेनमेंट पैराडाइज के सेंट्रल हॉल में संपन्न होगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पदाधिकारियों और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिनमें शेखावाटी क्षेत्र के पारंपरिक नृत्य—धमाल, घूमर और गींदड़ जैसे रंग-बिरंगे लोकनृत्य प्रमुख आकर्षण होंगे।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को स्वयं किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्त व्यवस्था टोली को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तत्पर रहने को कहा। इस दौरान भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य भी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, अनिल सिसोदिया, विजेंद्र पूनिया, वासुदेव चावला, भूपेंद्र सैनी, डॉ. महेंद्र कुमावत, अजित मांडण, मिथिलेश गौतम, स्टेफी चौहान, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय मोर्चा पदाधिकारी, प्रदेश कोर कमेटी सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षगण, विधायक, सांसद, बोर्ड चेयरमैन, जिला प्रमुख, महापौर, मंडल अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सहित पार्टी के सभी अग्रणी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच स्नेह, सौहार्द और संगठनात्मक एकता को और अधिक सशक्त बनाना है।

Previous
Next

Related Posts