Saturday, 29 August 2026

जयपुर में पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर की पति की हत्या, शव जलाने से पहले बाइक पर ले जाने का CCTV वायरल


जयपुर में पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर की पति की हत्या, शव जलाने से पहले बाइक पर ले जाने का CCTV वायरल

मेरठ के बाद जयपुर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों बाइक पर शव को बोरे में डालकर जंगल ले गए और उसे जला दिया। पुलिस ने इस वारदात में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या के बाद शव जलाने का CCTV फुटेज वायरल
डीसीपी साउथ दिगंत आनंद ने बताया कि 16 मार्च को मुहाना क्षेत्र में रिंग रोड नेवटा पुलिया के पास जला हुआ शव मिला था। जांच के बाद मृतक की पहचान धन्नालाल सैनी (40) निवासी डिग्गी रोड के रूप में हुई। मामले में धन्नालाल की पत्नी गोपाली देवी (42) और उसके प्रेमी दीनदयाल (33) को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी गोपाली देवी ने बताया कि वह पिछले 15 सालों से दीनदयाल के साथ प्रेम संबंध में थी। उसका पति सब्जी बेचने का काम करता था, जबकि उसने पति को बताया था कि वह एक दुकान में काम करती है। हत्या की रात धन्नालाल को कपड़ों की दुकान पर बुलाया गया, जो दीनदयाल की थी। वहां उसे दूसरी मंजिल पर ले जाकर पहले लोहे के पाइप से वार किया, फिर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी।

शव को बाइक पर ले जाने का CCTV सामने आया
हत्या के बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में डालकर बाइक पर रखा गया। फिर उसे रिंग रोड के नजदीक भैंरूजी मंदिर के पास जंगल में फेंककर आग लगा दी, ताकि पहचान छुपाई जा सके।

पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के CCTV कैमरे खंगाले और संदिग्ध बाइक को ट्रैक किया। इसी के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एडिशनल डीसीपी साउथ ललित कुमार शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

    Previous
    Next

    Related Posts