Saturday, 02 August 2025

राजस्थान में पाकिस्तानी महिला की अवैध घुसपैठ, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


राजस्थान में पाकिस्तानी महिला की अवैध घुसपैठ, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
File Photo

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ इलाके में पाकिस्तान की एक महिला के अवैध रूप से घुसने का मामला सामने आया है। यह महिला बलूचिस्तान की रहने वाली बताई जा रही है, जिसने अलसुबह करीब 5 बजे तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश किया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने महिला को हिरासत में ले लिया है।

महिला ने पाकिस्तान लौटने से किया इनकार
सूत्रों के मुताबिक, जब BSF जवानों ने महिला को वापस जाने के लिए कहा, तो उसने इनकार कर दिया और बताया कि पाकिस्तान में उसकी जान को खतरा है। महिला की उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है। अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला का भारत आने का उद्देश्य क्या था और उसके किसी संदिग्ध संगठन से संबंध तो नहीं हैं।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच
पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कौशिक ने बताया कि यह मामला विजेता पोस्ट का है, लेकिन अब तक BSF ने महिला को पुलिस को सुपुर्द नहीं किया है। पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां गहराई से जांच कर रही हैं।

बलूचिस्तान कनेक्शन से खड़े हुए सवाल
हाल ही में बलूचिस्तान ट्रेन हाईजैक मामला अंतरराष्ट्रीय चर्चा में रहा है। ऐसे में बलूचिस्तान की इस महिला का राजस्थान में प्रवेश कई सवाल खड़े कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं और विस्तृत जांच जारी है।

    Previous
    Next

    Related Posts