Monday, 17 March 2025

उदयपुर: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की अंत्येष्टि आज, राजशाही परंपरा के अनुसार निकलेगी अंतिम यात्रा


उदयपुर: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की अंत्येष्टि आज, राजशाही परंपरा के अनुसार निकलेगी अंतिम यात्रा

उदयपुर में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ को आज (17 मार्च) अंतिम विदाई दी जाएगी। पार्थिव देह के अंतिम दर्शन सोमवार सुबह 7 बजे से सिटी पैलेस में होंगे। राजशाही परंपरा के अनुसार, सुबह 11 बजे अंतिम यात्रा सिटी पैलेस स्थित उनके आवास शंभू पैलेस से निकलेगी, जो बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट से होते हुए महासतियां पहुंचेगी। वहीं, महासतियां में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

अंतिम दर्शन के लिए सिटी पैलेस के सभी दरवाजे जनता के लिए खोले गए हैं। इस दौरान मेवाड़ के कई पूर्व राजघरानों के सदस्य भी शामिल होंगे। शहर में दोपहर 12 से 1 बजे तक कुछ पर्यटन स्थल बंद रहेंगे, वहीं कुछ दुकानें भी स्वेच्छा से बंद रखी जाएंगी।

लक्ष्यराज सिंह ने दी पिता की अर्थी को कंधा

पूर्व महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ की अंतिम यात्रा में उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पिता की अर्थी को कंधा दिया। इस दौरान उनका बेटा हरितराज सिंह मेवाड़ भी मौजूद रहा। पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा भी सिटी पैलेस पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।

लंबे समय से थे बीमार

रविवार (16 मार्च) को महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वे सिटी पैलेस के शंभू निवास में डॉक्टरों की निगरानी में रह रहे थे। अरविंद सिंह मेवाड़ के पिता भगवत सिंह मेवाड़ और माता सुशीला कुमारी मेवाड़ थीं। पिछले साल 10 नवंबर को उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का भी निधन हुआ था।

    Previous
    Next

    Related Posts