जयपुर विश्व प्रसिद्ध ज़ियामेन स्टोन फेयर, चीन में पहली बार इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के प्रचार के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया और विशेष स्टॉल का भव्य उद्घाटन किया। यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी 16 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें पत्थर उद्योग के प्रमुख विशेषज्ञ, निर्माता, व्यापारी और विश्वस्तरीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
सीडोस (CDOS) और लघु उद्योग भारती (LUB) ने मिलकर इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के प्रचार के लिए ज़ियामेन स्टोन फेयर में विशेष स्टॉल स्थापित किया।
उद्घाटन भारतीय राष्ट्रीय गान के साथ किया गया, जो भारतीय पत्थर उद्योग की वैश्विक पहचान और गौरव का प्रतीक है।इस ऐतिहासिक पहल का एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिससे इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के प्रचार को और मजबूती मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण दौरे में भारतीय पत्थर उद्योग का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं:लघु उद्योग भारती (LUB) के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक,प्रदेश उपाध्यक्ष नटवरलाल अजमेरा,वित्तीय सलाहकार योगेश गौतम,प्रांत संयुक्त महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई,सीडोस (CDOS) की ओर से वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विवेक जैन
नरेश पारीक ने बताया कि यह पहल भारतीय प्राकृतिक पत्थरों की वैश्विक बाजार में सशक्त उपस्थिति स्थापित करने और इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के अंतरराष्ट्रीय प्रचार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यह भागीदारी न केवल भारतीय पत्थर उद्योग के विस्तार को बढ़ावा देगी बल्कि भारत को एक प्रमुख पत्थर निर्यातक देश के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी मददगार साबित होगी।