नई दिल्ली भाजपा ने एक बार फिर राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वे वियतनाम गए हैं।"
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, लेकिन वे अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में भी इतना समय नहीं बिताते, जितना विदेश में बिताते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार वियतनाम और अन्य देशों की यात्राएं कर रहे हैं, लेकिन इसका कारण स्पष्ट नहीं कर रहे।उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता भारत में उपलब्ध रहें, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी एक महत्वपूर्ण पद पर हैं, लेकिन उनकी कई गुप्त विदेश यात्राएं चिंता का विषय हैं, खासकर जब संसद सत्र चल रहा हो।"
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का विवरण न तो संसद में दिया जाता है और न ही इसे सार्वजनिक किया जाता है।"यह राष्ट्रीय सुरक्षा और उनकी पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है," उन्होंने जोड़ा।
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर विशेष रूप से सवाल उठाए और कहा कि राहुल गांधी नए साल के दौरान भी 22 दिन वियतनाम में रुके थे। अब वे फिर से वियतनाम गए हैं, जिससे भाजपा यह जानना चाहती है कि उनका इस देश से ऐसा क्या विशेष संबंध है?
राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर भाजपा की यह पहली आलोचना नहीं है। इससे पहले भी भाजपा नेताओं ने उनकी बार-बार विदेश जाने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाए थे। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी महत्वपूर्ण संसदीय सत्रों के दौरान देश से बाहर रहते हैं, जिससे विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।