



जयपुर जिले में ओलावृष्टि, बारिश और अंधड़ से फसलें बर्बाद होने के बाद जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और खेतों में जाकर फसल नुकसान का जायजा लिया।
जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने रामपुरा, सोनकोटड़ा, डागरवाड़ा समेत कई तहसीलों का दौरा कर खेतों में हुए नुकसान का आकलन किया और प्रभावित किसानों से बातचीत की। उन्होंने फसल बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा प्राप्त करने के लिए किसान रक्षक हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करवाने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान जमवारामगढ़ उपखंड अधिकारी, तहसीलदार आंधी और फसल बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि 13 मार्च को जयपुर जिले के कई इलाकों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलें तबाह हो गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।