Saturday, 29 August 2026

जयपुर: मॉडल टाउन में दूषित पानी की सप्लाई से लोग परेशान, प्रशासन बेखबर


जयपुर: मॉडल टाउन में दूषित पानी की सप्लाई से लोग परेशान, प्रशासन बेखबर

जयपुर के जगतपुरा रोड स्थित मॉडल टाउन के निवासियों को पिछले चार-पाँच दिनों से जलदाय विभाग द्वारा बदबूदार और दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। इस समस्या के कारण कई लोग पेट की बीमारियों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई समाधान नहीं निकाला गया है।

बच्चे-बुजुर्ग बीमार, टैंकर मंगवाने को मजबूर लोग:दूषित पानी पीने से कई घरों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएँ बीमार पड़ गए हैं।कई परिवारों ने अपनी छत की टंकियों को साफ करवाकर बाजार से टैंकर मंगवाया है।स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों और सरकार के संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों को ईमेल कर समस्या की जानकारी भी दी गई, लेकिन चार-पाँच दिन बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचा।

जलदाय विभाग की लापरवाही पर जनता में रोष:मॉडल टाउन डी-ब्लॉक के वरिष्ठ पत्रकार बाल मुकुंद ओझा ने कहा कि जलदाय विभाग की लापरवाही और नाकामी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा लगता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग: स्थानीय निवासियों ने जलदाय विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द दूषित पानी की समस्या को हल करने की मांग की है। यदि जलापूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो लोग जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं।

Previous
Next

Related Posts