Friday, 14 March 2025

उदयपुर सिटी पैलेस में राजपरिवार ने परंपरागत तरीके से किया होलिका दहन, पूर्व राजपरिवार सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने दी शुभकामनाएं


उदयपुर सिटी पैलेस में राजपरिवार ने परंपरागत तरीके से किया होलिका दहन, पूर्व राजपरिवार सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने दी शुभकामनाएं

फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार को उदयपुर के सिटी पैलेस में पारंपरिक रूप से होलिका दहन किया गया। सिटी पैलेस के ऐतिहासिक माणक चौक प्रांगण में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार ने वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर सिटी पैलेस को रंग-बिरंगे पुष्पों और बहुरंगी रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया।

राजपरिवार ने किया परंपरा का निर्वहन

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ राजपरिवार के सदस्यों के साथ शाही लवाजमे में माणक चौक पहुंचे। वहां पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से होलिका पूजन संपन्न कराया गया। पूजन के बाद होलिका को ओढ़नी धारण करवाई गई और पुष्पमाला व श्रीफल अर्पित किए गए। इसके पश्चात डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने कर कमलों से होलिका को प्रदीप्त किया, और राजपरिवार के अन्य सदस्यों ने होलिका की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की।

इस विशेष आयोजन में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़, पुत्री मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़, प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ और पुत्र हरितराज सिंह मेवाड़ भी शामिल हुए।

"होलिका महोत्सव सामाजिक सद्भाव को बढ़ाने वाला पर्व"

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मेवाड़वासियों को होलिका महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "होलिका महोत्सव सनातन धर्म-संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। यह पर्व उत्तम स्वास्थ्य, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, कृषकों की समृद्धि, उल्लास, मनोविनोद और सामाजिक सद्भाव को बढ़ाने वाला उत्सव है।"

    Previous
    Next

    Related Posts