मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास पर पारंपरिक रीति-रिवाज से होली पूजन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने परिवारजनों के साथ राज राजेश्वरी मंदिर प्रांगण में विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया।
इस दौरान राजस्थान पुलिस की 4 आरएसी बटालियन के जवानों ने चंग की थाप पर होली के गीत प्रस्तुत किए और नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगाए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने जवानों से मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की और प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए उनके योगदान की सराहना की।
होलिका दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।