


डीग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को होली के पावन अवसर पर डीग स्थित पूंछरी का लौठा धाम पहुंचे और श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने मुकुट मुखारबिंद पर श्रीगिरिराज जी का दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली। चंग की थाप और भक्ति संगीत के बीच दर्शनार्थी उमंग और उत्साह से भर उठे और पूरे हर्षोल्लास के साथ इस पावन पर्व को मनाया।
इस अवसर पर साधु-संतों ने मुख्यमंत्री शर्मा का पारंपरिक साफा बांधकर स्वागत किया। मंदिर परिसर में स्थानीय कलाकारों द्वारा मयूर नृत्य सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां पेश की गईं, जिसे देखकर हर कोई श्रीकृष्ण की भक्ति में झूमता नजर आया।
मुख्यमंत्री शर्मा के इस दौरे में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली, संभागीय आयुक्त भरतपुर डॉ. अमित यादव, भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश, जिला कलक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक डीग राजेश मीणा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
