Saturday, 29 August 2026

सांगानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मनाया होली मिलन समारोह, कहा–"होली के रंगों से रंगीलो राजस्थान की पहचान और गहरी" : भजन लाल शर्मा


सांगानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मनाया होली मिलन समारोह, कहा–"होली के रंगों से रंगीलो राजस्थान की पहचान और गहरी" : भजन लाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने होली के दिन अपने विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन समारोह में शिरकत की। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैने विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों से कहा कि आप अपने-अपने क्षेत्र में जाइए और कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाइए।

इसके लिए मैने हर विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र और मंडल में होली मिलन समारोह आयोजित करने के लिए कहा। मैने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ होली के रंग का आनंद लीजिए और उनके गिले-शिकवे दूर कीजिए।

"रंगों से गहरा लगाव, राजस्थान तो रंगीलो है"

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि होली का पर्व खुशी और उल्लास का प्रतीक है। रंगों के साथ राजस्थान का लगाव भी बहुत गहरा है। हमारे प्रदेश को "रंग रंगीलो राजस्थान" कहा जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनसमूह पर फूलों की वर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। चंग की थाप और रंगों की बौछार के बीच पूरा माहौल उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।

प्रदेश के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार हर नागरिक के कल्याण और प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही है। हाल ही में पेश किए गए बजट में सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 5,000 गांवों को गरीबी मुक्त बनाया जाएगा, जिसके लिए 300 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

बजट घोषणाओं की तेज क्रियान्विति का आश्वासन

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सांगानेर क्षेत्र के लिए पिछले साल की गई बजट घोषणाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि –रिद्धि-सिद्धि चौराहे पर एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा।सांगानेर को जयपुर मेट्रो सेवा से जोड़ा जाएगा। प्रतापनगर और मानसरोवर आवासीय योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

"प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और गौरव का अनुभव किया"

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में भारत ने अभूतपूर्व बदलाव देखा है। जन-मानस ने सीमा सुरक्षा, विकास की योजनाएं और दुनिया में भारत के बढ़ते गौरव को महसूस किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं।

समारोह में कई बड़े नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर नगर निगम ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर, उपमहापौर पुनीत कर्णावट, भाजपा प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, जयपुर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश तिवाड़ी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे


Previous
Next

Related Posts