



मंगलवार तड़के दिल्ली-अजमेर हाईवे पर एक चलते हुए LPG गैस टैंकर में अचानक आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई। समय रहते ड्राइवर और खलासी ने टैंकर से कूदकर अपनी जान बचा ली। मुरलीपुरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में टैंकर का केबिन पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गया।
SHO वीरेंद्र कुरील (मुरलीपुरा थाना) के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:45 बजे दिल्ली-अजमेर हाईवे पर दादी का फाटक पुलिया के पास हुआ। LPG से भरा टैंकर अजमेर से दिल्ली की ओर जा रहा था तभी चलते-चलते टैंकर के केबिन में आग लग गई। आग की लपटें देख हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी दहशत फैल गई।
टैंकर में आग लगते ही ड्राइवर और खलासी ने हाईवे किनारे टैंकर रोककर तुरंत बाहर छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया।
फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी को मौके पर बुलाया गया, जिसने 10 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, इस दौरान टैंकर का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, टैंकर के केबिन में आग वायरिंग में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। गनीमत रही कि आग सिर्फ केबिन तक सीमित रही और LPG टैंकर में विस्फोट नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने ट्रक और टैंकर चालकों को सलाह दी है कि वे वाहन की इलेक्ट्रिक वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं और हाईवे पर चलते समय सुरक्षा उपायों का पूरा ध्यान रखें।