



जयपुर राजस्थान सरकार द्वारा गौशालाओं की अनुदान राशि बढ़ाने पर सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आभार सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गौ-पूजा की और गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्पित है। हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में गौमाता और पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
गौशालाओं और नंदीशालाओं के लिए प्रति पशु अनुदान राशि को 15% बढ़ाकर ₹50 प्रतिदिन किया गया है।यह निर्णय गौशाला संचालकों और पशुपालकों को राहत प्रदान करेगा।
गौसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को लेकर संतों ने मुख्यमंत्री को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।संतों और गौशाला संचालकों ने गौसेवा के लिए बजट घोषणाओं पर आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फाल्गुन के अवसर पर सभी के साथ फूलों की होली खेली और चंग बजाकर होली के गीत गाए।इस मौके पर होली के पारंपरिक गीतों के साथ रंगों और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति में होली और गौसेवा दोनों का विशेष महत्व है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गौशालाओं को और अधिक सशक्त बनाने और गौमाता के संरक्षण के लिए राज्य सरकार आगे भी ठोस कदम उठाएगी।
इस कार्यक्रम में गौशाला संचालकों, संतों और गौसेवा से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की।