उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सीने में दर्द और बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार तड़के AIIMS दिल्ली में भर्ती कराया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, 73 वर्षीय उपराष्ट्रपति को रात करीब 2 बजे एम्स के कार्डियक विभाग में ले जाया गया, जहां उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती किया गया। उनका इलाज कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में किया जा रहा है।
AIIMS प्रशासन के मुताबिक, धनखड़ की स्थिति नियंत्रण में है और डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
उपराष्ट्रपति के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा एम्स पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
धनखड़ के जल्द स्वस्थ होने की कामना में देशभर से दुआओं और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। कई राजनीतिक नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
एम्स प्रशासन जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर सकता है।