Saturday, 29 August 2026

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आईफा अवॉर्ड 2025 में की शिरकत, राजस्थान को बताया फिल्म और पर्यटन का हब


उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आईफा अवॉर्ड 2025 में की शिरकत, राजस्थान को बताया फिल्म और पर्यटन का हब

गुलाबी नगरी जयपुर में इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स 2025 का भव्य आयोजन हो रहा है। इस समारोह में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने विशेष रूप से शिरकत की।

राजस्थान में फिल्म और पर्यटन की अपार संभावनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति को विश्व स्तर पर प्रचारित करने के लिए आईफा एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए आदर्श लोकेशन हैं – रेतीले धोरे, प्राचीन महल, किले, हरे-भरे अभयारण्य, सपाट मैदान और ऐतिहासिक मंदिर। फिल्म निर्माताओं को राजस्थान में बेहतर शूटिंग सुविधाएं और पूर्ण सरकारी सहयोग मिलेगा।

पर्यटन और फिल्म उद्योग से मिलेगा आर्थिक लाभ
दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' विजन में पर्यटन और फिल्म इंडस्ट्री की अहम भूमिका है। इससे राजस्थान में न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

 राजस्थान सरकार का पूरा सहयोग
उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार और राज्य के 8 करोड़ लोग पर्यटन और फिल्म क्षेत्र के विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। राज्य सरकार ने पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा, निवेश अनुकूल नीतियां और सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम की सुविधा दी है, जिससे फिल्म निर्माताओं को कोई कठिनाई न हो।

फिल्म जगत के दिग्गजों की उपस्थिति
इस मौके पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने इस आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों को बधाई दी और कहा कि राजस्थान के दरवाजे हमेशा खुले हैं, बस जरूरत है यहां आकर अपार संभावनाओं को मूर्त रूप देने की।

Previous
Next

Related Posts