



न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 50 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब कीवी टीम का सामना 9 मार्च (रविवार) को भारत से होगा। दुबई में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 362/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 50 ओवर में 312/9 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र और कप्तान केन विलियमसन ने शानदार शतक जड़े, जिससे टीम चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (362 रन) बनाने में सफल रही। कीवी बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका मैट हेनरी ने रेयान रिकेल्टन (17) के रूप में दिया। इसके बाद कप्तान टेम्बा बावुमा (56) और रासी वान डर डुसेन (69) के बीच 105 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, मिचेल सैंटनर ने बावुमा को केन विलियमसन के हाथों कैच कराकर मैच का रुख पलट दिया।
टीम को जीत के लिए एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। डेविड मिलर (100) ने 67 गेंदों में नाबाद शतक लगाया*, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनकी मदद नहीं कर सके।
मिचेल सैंटनर ने 3 विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स ने 2-2 विकेट लिए। इसके अलावा माइकल ब्रेसवेल और रचिन रवींद्र ने 1-1 विकेट लिया।
न्यूजीलैंड अब 9 मार्च को भारत के खिलाफ फाइनल खेलेगा। भारतीय टीम सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंची थी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही मजबूत टीमें हैं और बेहतरीन फॉर्म में हैं।