



राजस्थान विधानसभा में सोमवार को कानोडिया पी.जी महिला महाविद्यालय की राजनीति विज्ञान विषय की स्नातकोत्तर छात्राओं ने अध्ययन दौरे के तहत विधानसभा की कार्यवाही देखी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से छात्राओं ने मुलाकात की और संसदीय प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने विधानसभा के प्रश्नकाल को देखा और विधायकगण की चर्चाओं को सुना।
छात्राओं ने प्रश्नकाल में पूछे गए सवालों और मंत्रियों द्वारा दिए गए उत्तरों को ध्यानपूर्वक सुना।उन्होंने सदन में होने वाली चर्चा की प्रक्रिया को समझा और विधानसभा की कार्यशैली को करीब से देखा।इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य छात्राओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसदीय प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. निमिषा गौड़, संजू शर्मा और स्वाती के नेतृत्व में छात्राओं के दल ने विधानसभा के राजनीतिक आख्यान संग्रहालय का भी अवलोकन किया।इस संग्रहालय में राजस्थान की संसदीय राजनीति और विधायी प्रक्रिया के इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध हैं।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने छात्राओं को विधानसभा प्रक्रियाओं की बारीकियों को समझने और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करें और संसदीय प्रणाली को बेहतर तरीके से समझने का प्रयास करें।