



जयपुर गुजरात के सूरत स्थित शिव शक्ति टेक्सटाइल मार्केट में लगी भीषण आग से प्रवासी राजस्थानी व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना को लेकर राजस्थान सरकार और प्रवासी राजस्थानी समाज में गहरी चिंता व्यक्त की गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दुर्घटना पर दुख जताया और प्रवासी राजस्थानियों की सहायता के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से वार्ता की।
शिव शक्ति टेक्सटाइल मार्केट में आग लगने से सैकड़ों दुकानों और गोदामों में रखा कपड़ा जलकर राख हो गया।इस बाजार में बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी व्यापारियों की दुकानें और गोदाम हैं, जिससे उन्हें करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों मशक्कत की, लेकिन तब तक कई दुकानें जलकर खाक हो चुकी थीं।
मुख्यमंत्री ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से प्रवासी राजस्थानियों के लिए राहत और सहायता सुनिश्चित करने की मांग की।प्रवासी राजस्थानियों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास के लिए विशेष राहत पैकेज देने पर चर्चा हुई।राजस्थान सरकार ने प्रवासी व्यापारियों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
प्रवासी राजस्थानियों के संगठनों ने गुजरात सरकार से राहत पैकेज, पुनर्वास और मुआवजे की मांग की है।सूरत में रह रहे प्रवासी राजस्थानी समाज के व्यापारियों ने सरकार से ब्याज मुक्त ऋण, टैक्स राहत और पुनर्वास सहायता की मांग की है।