



राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला से शादी का झांसा देकर पांच साल तक देहशोषण करने का मामला सामने आया है। महिला के पति की मौत के बाद आरोपी ने नजदीकियां बढ़ाकर पहले दोस्ती की और फिर शादी का वादा कर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। अब शादी से इंकार करने पर पीड़िता ने श्याम नगर थाने में मामला दर्ज करवाया।
श्याम नगर थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता का पति वर्ष 2020 में निधन हो गया था। पति की मौत के बाद आरोपी ने उसे भावनात्मक रूप से कमजोर पाकर नजदीकियां बढ़ाई और दोस्ती कर ली। इसके बाद उसने शादी करने का झांसा दिया और महिला को अपनी पत्नी बनाकर रखने का वादा किया।
आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से आरोपी प्रेमी शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से मना कर दिया। ठगे जाने और धोखा खाने का एहसास होने पर महिला ने डाक के जरिए श्याम नगर थाना पुलिस को शिकायत भेजी।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।