



राजस्थान विधानसभा में लगातार 7 दिन से जारी गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा की टिप्पणी के लिए माफी मांगी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से शुरू हुई।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सदन में कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा की टिप्पणी आसन की गरिमा के अनुकूल नहीं थी। इसके लिए मैं माफी चाहता हूं, इसमें मुझे कोई संकोच नहीं है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी पर मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी के कारण विवाद बढ़ा, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गतिरोध खत्म करने के लिए वार्ता कर समाधान निकाला। जूली ने कहा कि अगर यही वार्ता 4 दिन पहले होती तो न हमें सदन में सोना पड़ता, न सड़कों पर धरना देना पड़ता।
उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि "बिखरी-बिखरी न तुम अच्छे लगते हो, न हम।"
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सदन में कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच अपनी छवि का ध्यान रखना होगा। अगर किसी सदस्य के मुंह से गलत बात निकलती है, तो उसे भी रात को नींद नहीं आती, उसे पश्चाताप होता है। हमें सोच-समझकर बोलना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा सदन को चलाना सत्ता और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है। मैं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से आग्रह करता हूं कि मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी को भी सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। विपक्ष हमारी ताकत है और हमें इसे सकारात्मक रूप से लेना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह घटना गंभीर और चिंतनीय थी। मैंने अपने संसदीय जीवन में इस तरह की भाषा नहीं सुनी। विपक्ष को भी धैर्य रखना चाहिए और अध्यक्ष के फैसले पर विश्वास करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसका ध्यान रखना होगा। जिस सदस्य के शब्दों के लिए खेद प्रकट किया गया है, उन्हें भी अपने आचरण और अनुशासन में सुधार करना होगा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के 6 निलंबित विधायकों को बहाल करने का प्रस्ताव पारित किया।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने जिस तरह विधानसभा अध्यक्ष के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया, वह निंदनीय है। भले ही वे सदन की कार्यवाही में दर्ज न हों, लेकिन उन्हें सदन में माफी मांगनी चाहिए थी।
भाजपा विधायक अर्जुन लाल गर्ग ने कहा कि गतिरोध खत्म करने के लिए बड़ा मन रखना होगा।भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानीने कहा कि इंदिरा गांधी को दादी की बजाय "ग्रैंडमदर" कहा जाता तो कांग्रेस को आपत्ति नहीं होती।
वित्त विधेयक पर बहस:भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह राठौर ने वित्त विधेयक पर चर्चा की और कहा कि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया जाता है, जबकि कांग्रेस में इसकी कमी है।
भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किसानों की सम्मान निधि में ₹3000 की बढ़ोतरी के फैसले की सराहना की। भाजपा विधायक भैराराम चौधरी ने मथानिया और ओसियां को नगर पालिका बनाने की मांग रखी।
लोकल मुद्दों पर चर्चा:
भाजपा विधायक रमेश खींची ने खेड़ली कस्बे को तहसील बनाने की मांग की।
भाजपा विधायक गोपल शर्मा ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि ब्यावर जिले के विजयनगर में स्कूली बच्चों के दुष्कर्म मामले में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं का नाम शामिल है।
भाजपा विधायक गुरवीर सिंह ने कहा कि पंचायत मुख्यालय के अधिकारी और कर्मचारी अक्सर गैरहाजिर रहते हैं, इसलिए उनकी उपस्थिति ऑनलाइन ट्रैक होनी चाहिए।
खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा मुद्दे: खाद्य आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय योजना में डीडवाना में 3502 नए नाम जोड़े गए हैं।
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकारी डॉक्टर अगर मरीजों को निजी अस्पताल में भेजकर ठग रहे हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।