



राजस्थान विधानसभा में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के फोन टैपिंग मामले को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया, जिसे गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया था कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस मामले में मीणा को नोटिस जारी किया।कांग्रेस ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया और सरकार से इसकी जांच और कार्रवाई की मांग की।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने टीकाराम जूली से माफी मांगने और कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस प्रस्ताव को अनुमति नहीं दी और बजट पर बहस शुरू कर दी।
इस घटनाक्रम से सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और गहराता जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार अपने ही मंत्रियों के फोन टैपिंग के आरोपों पर पर्दा डाल रही है, जबकि भाजपा इसे बेबुनियाद आरोप करार दे रही है।